पटना : अपराधियों ने एएसपी और उनके अंगरक्षक को गोली मारी

पटना, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना के फुलवारीशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश कुमार और उनके अंगरक्षक सुरेश कुमार को गुरुवार देर रात करीब 12 बजे अपराधियों ने गोली मार दी और फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, वाहन जांच अभियान के दौरान कोतवाली थाना से कुछ ही दूरी पर अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। गोली लगने से एएसपी राकेश कुमार और सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां एएसपी की हालत खतरे से बाहर है और अंगरक्षक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, “एएसपी ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। लेकिन दोनों युवक रुकने की बजाय तेजी से भागने लगे। इस पर एएसपी ने उनका पीछा किया। बाइक सवारों ने खुद को घिरते हुए देख ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।”

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया, “पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पटना के पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने भी अस्पताल पहुंचकर एएसपी का हालचाल जाना।”

वैभव ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493