पटना के कब्रिस्तान में बम विस्फोट, 2 बच्चे घायल

पटना, 6 जून (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के नजदीक दानापुर क्षेत्र में बुधवार को एक कब्रिस्तान में घास काटने के दौरान हुए बम विस्फोट में दो बच्चे घायल हो गए। इस धमाके के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कब्रिस्तान से एक बम भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, सगुना मोड़ स्थित एक कब्रिस्तान में तीन-चार बच्चे घास काट रहे थे, तभी एक झाड़ी के समीप विस्फोट हुआ। आसपास के लोग आवाज सुनकर जब कब्रिस्तान पहुंचे, तब वहां दो बच्चों को घायल अवस्था में देखा।

दानापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि इस घटना में सूरज कुमार (8) और रोशन कुमार (7) मामूली रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से एक जिंदा बम भी बरामद किया है, जिसे निष्क्रिय करने की कवायद की जा रही है।

उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि बदमाशों ने यहां झाड़ी में बम छिपाकर रखा होगा और अचानक विस्फोट हो गया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

उन्होंने कहा कि बम अत्यधिक क्षमता वाला नहीं था, जिस कारण बड़ी क्षति नहीं हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493