पटना-गया रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन पर ओवरहेड वायर गिरा, 2 की मौत

पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व मध्य रेलवे के गया-पटना रेलखंड के नीमा हॉल्ट के पास गया-पटना मेमू ट्रेन पर ओवरहेड वायर (बिजली तार) गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य सूचना जनसंपर्क अधिकारी अरविन्द कुमार रजक ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के मुताबिक यह घटना नीमा हॉल्ट के समीप ओवरहेड वायर गिरने से हुई। इस घटना में गया-पटना मेमू ट्रेन की छत पर यात्रा कर रहे दो लोगांे की मौत हो गई है जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद से पटना-गया रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गया-पटना मेमू पैसेंजर (63255) की छत पर दर्जनों लोग बैठकर यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान ओवरहेड वायर टूट कर गिर गई। इसके बाद ट्रेन में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यात्रियों ने भागने की कोशिश की लेकिन तब तक कई लोग झुलस चुके थे।

इधर, अपुष्ट खबर के मुताबिक मृतकों की संख्या चार बताई जा रही है जबकि घायलों की संख्या 20 से ज्यादा बताई गई है।

रजक ने बताया कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493