पटना नौका हादसे की जांच शुरू

पटना, 17 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में मकर संक्रांति के दिन शनिवार को गंगा नदी में हुई नौका दुर्घटना की जांच के लिए गठित दल ने मंगलवार को जांच शुरू कर दी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा दुर्घटना की जांच के लिए गठित दो सदस्यीय दल ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा किया और कई लोगों से बातचीत की। जांच दल में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत और पटना प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शालीन शामिल हैं।

प्रत्यय अमृत ने पत्रकारों से कहा, “मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रत्येक पहलू की जांच की जाएगी और जल्द ही रपट भी सौंप दी जाएगी।”

डीअईजी शालीन ने कहा, “प्रत्येक पहलू की जांच की जाएगी। इसमें दस्तावेजों को भी देखा जाएगा तथा लोगों से बयान भी लिए जाएंगे। घटना कैसे हुई, क्या परिस्थितियां रही होंगी?”

उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति के मौके पर शनिवार को पटना में गंगा के दियारा क्षेत्र में पर्यटन विभाग ने ‘पतंग उत्सव’ का आयोजन किया था। इसके लिए विभाग द्वारा बजाप्ता समाचार पत्रों में विज्ञापन देकर लोगों को समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। उत्सव में 30 हजार से ज्यादा लोग शामिल भी हुए थे।

लोगों का आरोप है कि उत्सव में लोगों को पटना की तरफ से ले जाने की व्यवस्था तो थी, लेकिन दियारा से लौटने के लिए लोगों के पास विकल्प नहीं था। ऐसे में लोगों में लौटने की आपाधापी मच गई और एक निजी नौका पर क्षमता से अधिक लोग सवार हो गए। इसी क्रम में नौका नदी में पलट गई, जिसमें 24 लोगों की मौत हो गई। इस पूरे घटना की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने एक जांच दल का गठन किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493