पटना : भाजपा नेता के हत्यारे सीसीटीवी में कैद (लीड-1)

पटना, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारों के चेहरे एक सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। घटना के विरोध में जाम लगाया गया। भाजपा नेता धरने पर बैठ गए हैं।

पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता अविनाश कुमार गुरुवार सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर आने के बाद सलीमपुर अहरा क्षेत्र स्थित अपने घर के बाहर टहल रहे थे। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग वहां पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। भाजपा नेता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अविनाश भाजपा मंडल के महामंत्री थे।

हत्या की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि घटनास्थल पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों के चेहरे कैद हो गए हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई है।

वहीं, हत्या के विरोध में दलदली रोड मंदिर के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगाया गया। भाजपा नेता हत्यारों को तुरंत पकड़ने की मांग को लेकर धरना पर बैठ गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, विधायक नितिन नवीन और केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। घटना के विरोध में स्थानीय बाजार बंद हैं। क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493