पटना में ‘रावण वध’ से पहले होगा ‘लंका दहन’

पटना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शुक्रवार शाम को आयोजित ‘श्रीदशहरा महोत्सव’ के दौरान असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक ‘रावण वध’ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। रावण वध के पहले लंका दहन का कार्यक्रम होगा तथा झांकियां निकाली जाएंगी।

श्री दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष कमल नोपानी ने बताया कि इस वर्ष रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का पुतला 60 फीट ऊंचा बनाया गया है।

पुतलों में कोलकाता से मंगवाए गए पटाखे भरे हैं। राम-लक्ष्मण के बाण लगते ही तीनों पुतले धू-धू कर जल उठेंगे। पुतला दहन के बाद आसमान में प्रदूषण रहित आतिशबाजी के नजारे दिखेंगे।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में यहां रावण दहन के बाद मची भगदड़ में 33 लोग मारे गए थे। ऐसी घटना नहीं हो इसके लिए प्रशासन चौकस है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बुधवार को आयोजन स्थल का जायजा लेकर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ही इस आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने कई दिशा निर्देश जारी किए हैं।

नेापानी ने बताया कि राम-रावण युद्घ सहित रामायण के अन्य प्रसंग के दौरान साउंड इफेक्ट के साथ पात्रों के बीच संवाद सबसे अलग और खास आकर्षण होगा। इस मौके पर झांकियां भी निकाली जाएगी।

भीड़ को देखते हुए गांधी मैदान में दर्शकों का प्रवेश शुक्रवार दोपहर बाद एक बजे से शुरू कर दिया जाएगा।

समिति के अधिकारियों ने बताया कि शाम 4़15 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और आखिर में रावण दहन होगा।

कार्यक्रम के दौरान गांधी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। इसको लेकर पटना पुलिस सतर्क हैं।

पटना के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांधी मैदान में 3,000 से अधिक पुलिकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस के जवानों को पूरे मैदान के अंदर और बाहर तैनात किया जा रहा है। गांधी मैदान में वॉच टावर भी बनाए गए है, जिससे मैदान में आने-जाने वालों पर निगाह रखी जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493