पटना में व्यवसायी बंधुओं की हत्या

पटना, 26 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में दो व्यवसायी भाइयों की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। दोनों शवों को पुलिस ने शुक्रवार रात उनके घर से बरामद कर लिया। पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों भाइयों की हत्या 48 घंटे पहले कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, भोजपुर जिले के नारायणपुर गांव के रहने वाले अभिषेक और सागर जमाल रोड में रहकर मोबाइल एसेसरिज का व्यवसाय करते थे। दोनों भाइयों ने बुधवार को घर बातचीत की थी। पर इसके बाद कोई संपर्क नहीं हो पाया। मोबाइल भी बंद आ रहे थे। परिजनों ने गुरुवार तक कुछ विशेष न समझ इंतजार किया, परंतु शुक्रवार की शाम तक भी जब कोई संपर्क नहीं हुआ तो खोजबीन शुरू हुई।

दोनों भाई जमाल रोड के भाड़े के मकान में रहते थे, जो बाहर से बंद था। जब बंद घर का ताला तोड़ा गया तो दोनों भाइयों का शव बरामद किया गया। दोनों भाइयों के शरीर पर चाकू के घाव के दर्जनों निशान हैं। पुलिस का मानना है कि चाकू मारने से पहले उनका गला भी दबाया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि ऐसा लगता है कि दोनों की हत्या कई लोगों ने मिलकर की है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493