पटाखे पर प्रतिबंध का उल्लंघन, वायु प्रदूषण 6 गुना बढ़ा

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिवाली पर पटाखे पर लगाई गई रोक का पूरी दिल्ली और एनसीआर में उल्लंघन किया गया। लोगों ने देर रात तक पटाखे जलाए जिससे गुरुवार की सुबह इलाके में गहरा धुंध छा गया और वायु की गुणवत्ता में गिरावट आई। विशेषज्ञों के अनुसार, वायु की गुणवत्ता सामान्य से छह गुना ज्यादा खराब हो गई।

सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) के एक अधिकारी ने आईएएनएस को नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, “दिल्ली और एनसीआर की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुधवार को रात आठ से नौ बजे के दौरान 150-160 दर्ज किया गया। उसके बाद इसमें धीरे-धीरे गिरावट आई और तड़के सुबह तीन बजे सूचकांक का स्तर 250 (गंभीर श्रेणी) को पार कर गया। एक्यूआई सुबह छह बजे में 300 (अत्यंत गंभीर श्रेणी) को पार कर गया। एक्यूआई सूचकांक में गिरावट पटाखे जलाने के कारण आई।”

सीएसई के पास दिल्ली और एनसीआर में पटाखे जलाने का कोई आंकड़ा होने के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने बताया, “इस बार सीएसई सही मायने में पटाखों पर ज्यादा गौर नहीं कर रहा है लेकिन प्रदूषण का स्तर दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे के भीरत मानक स्तर (60) से 6.5 गुना ज्यादा था।”

दिल्लीवासी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिवाली पर तय समयसीमा रात 10 बजे के बाद भी पटाखे जलाते रहे। शीर्ष अदालत द्वारा पटाखों की बिक्री और उसके इस्तेमाल के लिए सख्त आदेश दिए जाने के बावजूद लोगों ने पड़ोस के बाजारों से अवैध तरीके से पटाखे खरीदे।

पूर्वी दिल्ली में आईपी एक्सटेंशन, मयूर विहार फेज-1 और फेज-2, दक्षिणी दिल्ली में लाजपत नगर, ल्यूटियंस दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली में द्वारका और नोएडा के अधिकांश सेक्टरों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन होने की रिपोर्ट आई है।

पुलिस ने भी स्वीकार किया है कि आदेश का उल्लंघ किया गया। पुलिस ने कहा कि वह विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493