पठानकोट एयरबेस पर आतंकवादी हमला, 2 आतंकवादियों की मौत (लीड-1)

पठानकोट (पंजाब), 2 जनवरी (आईएएनएस)। पठानकोट जिले के भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के बेस पर शनिवार तड़के हुए आतंकवादी हमले में दो आतंकवादी ढेर हो गए।

गोलीबारी सुबह लगभग 3.30 बजे शुरू हुई। आतंकवादियों की संख्या चार से छह बताई जा रही है, जो सेना की वर्दी में थे।

पुलिस ने क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया है और सेना को बुला लिया गया है।

सेना के प्रवक्ता ने नई दिल्ली में कहा, “कल (शुक्रवार) के घटनाक्रमों के आधार पर सेना ने अलर्ट जारी किया है और हमले से पहले ही सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।”

प्रवक्ता ने बताया, “राष्ट्रीय सुरक्षा बल (एनएसजी) की टीम आतकंवादियों की योजनाओं को असफल करने के लिए मिलकर काम कर रही है। सेना के स्थानीय ब्रिगेड कमांडर अभियानों का समन्वय कर रहे हैं। सेना और आईएएफ के मानवरहित हवाई वाहनों को भी मुस्तैद किया गया है।”

एमआईजी-29 लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर रखे जाने वाला तकनीकी क्षेत्र सुरक्षित हैं। सुरक्षबलों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

आईएएफ के हेलीकॉप्टर सुरक्षाबलों के साथ मिलकर तलाशी अभियानों में लगे हुए हैं।

सुरक्षाबलों ने पठानकोट-जम्मू राजमार्ग को भी हाई अलर्ट पर रखा है। आईएएफ स्टेशन के आसपास के पूरे इलाके को बंद कर दिया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “कठुआ जिले में हाई अलर्ट है और अच्छी तरह से जांच-पड़ताल के बाद ही वाहनों को राज्य में प्रवेश करने दिया जा रहा है।”

रक्षा सूत्रों का कहना है कि राजमार्ग पर सेना की तैनाती की गई है ताकि कोई भी आतंकवादी जम्मू एवं कश्मीर में घुस न सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493