इस्लामाबाद, 6 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के एक प्रमुख दैनिक समाचारपत्र ने बुधवार को कहा कि पठानकोट वायुसेना अड्डे पर किए गए हमले के मास्टरमाइंड को पकड़ने की पाकिस्तान को हर संभव कोशिश करनी चाहिए और भारत की मदद करनी चाहिए।
द नेशन ने अपने संपादकीय में लिखा, “पाकिस्तान सरकार को भारत सरकार द्वारा हमले के षड्यंत्रकारियों की तलाश में मदद करनी चाहिए।”
अखबार ने आगे लिखा, “यह अच्छी बात है कि नवाज शरीफ ने अपने भारतीय समकक्ष मोदी को फोन कर संवेदना व्यक्त कर मदद की पेशकश की।”
पंजाब के पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर शनिवार को छह आतंकवादियों ने हमला कर दिया था, जिसमें सात सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। माना जा रहा है कि ये सभी छह आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे, जिन्हें जबावी कार्रवाई में सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया।
मंगलवार को मोदी ने शरीफ से पठानकोट हमले से जुड़े व्यक्यिों और संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया था। जिस पर शरीफ ने कार्रवाई का वादा किया।
संपादकीय में पठानकोट हमले और अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ में भारत के वाणिज्य दूतावास की 25 घंटों तक चले हमले का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी गई है कि “जहां पाकिस्तान पर लंबे समय से अपनी सामरिक नीति को आगे बढ़ाने में आतंकवादियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगता रहा है”, वही इन घटनाओं से दोनों देशों के बीच संभावित द्विपक्षीय बातचीत के टूटने का खतरा पैदा हो गया है।
इसमें कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान को तदनुसार “काफी सावधानी से आगे बढ़ना चाहिए।”
द नेशन ने यह भी कहा है, “अब समय आ गया है कि दोनों देश एक-दूसरे को अपनी बंदूकों का निशाना बनाने के बजाए साथ मिलकर असली दुश्मन को निशाना बनाए, ताकि दक्षिण एशिया में स्थिरता कायम हो सके।”
dharmpath.com dharmpath