बेंगलुरू, 20 मार्च (आईएएनएस)। जेल में बंद अन्नाद्रमुक की नेता वी.के.शशिकला को मंगलवार को 15 दिनों की पैरोल दे दी गई। शशिकला मंगलवार को अपने पति एम.नटराजन के अंतिम संस्कार में भाग लेंगी।
बेंगलुरू केंद्रीय कारागार के मुख्य अधीक्षक एम.सोमशेखर ने यह जानकारी दी।
नटराजन (74) का मंगलवार को चेन्नई में निधन हो गया। उन्हें सीने में संक्रमण की वजह से 16 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए तमिलनाडु के उनके गांव तंजावुर ले जाया गया है। तंजावुर चेन्नई से 350 किमी दक्षिण में है।
भ्रष्टाचार के मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा उनकी सजा बरकरार रखे जाने के बाद शशिकला बीते साल 15 फरवरी से चार साल जेल की सजा काट रही हैं।
dharmpath.com dharmpath