दमोह, 1 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक व्यक्ति पत्नी और दो बेटियों के साथ ट्रेन के आगे कूद गए, जिसमें दंपत्ति सहित एक बेटी की तो मौत हो गई है, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
आत्महत्या के कारण की पुष्ट जानकारी नहीं मिली है, लेकिन बताया जाता है कि उसके शराब पीने की आदत से पारिवार में हमेशा कलह होता था।
कुम्हारी थाने के प्रभारी दशरथ दुबे ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि कटनी जिले के मझगवां निवासी राजकुमार यादव की फतेहपुर में ससुराल है। उसकी पत्नी सविता अपनी तीन बेटियों के साथ मायके गई हुई थी। मंगलवार की शाम को वह मोटरसाइकिल से अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ। लौटते वक्त पत्नी और दो बेटियों के साथ राजकुमार सागौनी रेलवे स्टेशन के करीब ट्रेन के आगे कूद गया। राजकुमार, उसकी पत्नी और एक आठ साल की बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल की दूसरी बेटी घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुबे के मुताबिक, मृतक राजकुमार की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने साफ लिखा है कि वह अपनी दो बेटियों के साथ आत्महत्या कर रहा है और उसकी सारी संपत्ति मामा के यहां रह रही तीसरी बेटी के नाम कर दी जाए। राजकुमार की मोटरसाइकिल रेल पटरी से कुछ दूर मिली।
dharmpath.com dharmpath