पत्रकार समुदाय ने दो पत्रकारों की हत्या की निंदा की

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया तथा समस्त पत्रकार समुदाय ने बिहार व झारखंड में दो पत्रकारों की हत्या की श्निवार को निंदा की और केंद्र व राज्य सरकार दोनों से ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिंदी दैनिक ‘हिंदुस्तान’ के सिवान के ब्यूरो प्रमुख राजदेव रंजन की शुक्रवार रात स्टेशन रोड के निकट एक व्यस्त बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

दूसरी घटना झारखंड के चतरा जिले की है, जहां एक टेलीविजन चैनल के संवाददाता इंद्रदेव यादव उर्फ अखिलेश प्रताप की गुरुवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राहुल जलाली ने कहा, “बिहार में राजदेव रंजन तथा झारखंड में अखिलेश प्रताप की हत्या लक्षित थी और यह माफिया द्वारा मीडिया की स्वतंत्र आवाज को दबाने का प्रयास है।”

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के महासचिव नदीम अहमद काजमी ने कहा, “इस संदर्भ में हम मांग करते हैं कि केंद्र व राज्य सरकारें दोनों मिलकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे और देश में मीडिया के लिए एक स्वतंत्र व निष्पक्ष माहौल बनाए।”

उन्होंने कहा, “हम देश भर के मीडिया संगठनों से अपील करते हैं कि वे एक साथ आएं और इस बात पर चर्चा करें कि प्रेस की आजादी पर इस तरह के हमलों का कैसे विरोध किया जाए। इस संदर्भ में हम अपने मंच को सभी मीडिया संगठनों को एक साथ आने और इनसे निपटने के लिए एक कार्ययोजना की रणनीति तैयार करने की पेशकश करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493