पनामा नौका हादसा : पंजाब की अपील, केंद्र अमेरिका भेजे टीम

चंडीगढ़, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका जा रहे 20-25 पंजाबी युवकों के पनामा के नजदीक नौका पलटने के कारण डूब जाने की खबरों के बीच पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से दुर्घटना में बचे लोगों की खोजबीन के लिए एक टीम को अमेरिका भेजने का आग्रह किया है।

बादल ने सोमवार को सुषमा से फोन पर बात कर केंद्र सरकार से पीड़ितों के परिवारों और बचे हुए लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने का आग्रह किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, पंजाब के ये युवक अवैध तरीके से अमेरिका की यात्रा के लिए निकले थे।

नौका दुर्घटना हालांकि 10 जनवरी को हुई थी, लेकिन दुर्घटना के तीन-चार दिन बाद दो पीड़ित परिवारों तक इसकी सूचना पहुंची। परिजनों ने कपूरथला में रविवार को पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और घटना के बाबत बताया।

बादल ने कहा कि पंजाब सरकार दुर्घटना में बचे लोगों की तलाश के लिए राज्य से वरिष्ठ अधिकारियों को अमेरिका भेज रही है।

बादल ने केंद्र सरकार को मामले में तत्काल हस्तक्षेप करके नौका हादसे के पीड़ितों को इंसाफ दिलाने और मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करने की मांग की।

बादल ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक और कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मानव तस्करी में शामिल ट्रैवल एजेंट्स के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

कपूरथला पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और आवज्रन कानूनों के तहत उपयुक्त धाराओं के अंतर्गत ट्रैवल एजेंट्स के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वास भंग करने का मामला दर्ज किया है।

पीड़ितों के परिवारों का दावा है कि ट्रैवल एजेंट्स ने हर युवक से 10 से लकर 25 लाख तक रुपये लिए थे।

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सोमवार को दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और राज्य के मुख्य सचिव को मामले की ताजा जानकारी देने को कहा।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में सुरक्षित बचे युवक सोनू ने दो युवकों गुरजीत सिंह और गुरविंदर सिंह के परिवारों को हादसे के बारे में बताया। ये परिवार कपूरथला जिले के गांवों में रहते हैं।

पुलिस ने कहा कि परिजनों ने एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर ट्रैवल एजेंट के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

कपूरथला के जिला पुलिस प्रमुख राजिंदर सिंह ने कहा कि ट्रैवल एजेंट कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

आम आदमी पार्टी (आप) नेता और पूर्व विधायक सुखपाल खरा ने एक पीड़ित परिवार के उनके पास पहुंचने के बाद रविवार को मीडिया को इस घटना की जानकारी दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493