चेन्नई, 11 फरवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) की महासचिव वी. के. शशिकला को एक और झटका लगा है।
तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा मंत्री के. पांडियाराजन शनिवार को राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम के साथ आ गए है।
वह पन्नीरसेल्वम के खेमे में शामिल होने वाले राज्य के पहले मंत्री हैं। शुक्रवार तक पांडियाराजन को शशिकला का समर्थन करते देखा गया था, लेकिन अब उन्होंने अपना पाला बदल लिया है।
इससे पहले, शनिवार को ही दो लोकसभा सांसद अशोक कुमार और सुंदरम, पन्नीरसेल्वम के समर्थन में आ गए थे।
अशोक कुमार कृष्णागिरि और सुंदरम नमाक्कल से सांसद हैं। दोनों यहां पन्नीरसेल्वम के घर पहुंचे।
इससे पहले राज्यसभा सदस्य वी. मैत्रेयन भी पन्नीरसेल्वम गुट के साथ हो गए थे।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में अशोक कुमार ने कहा कि एआईएडीएमके के अन्य सांसद भी जल्द ही इस खेमे में शामिल होंगे।
राज्य से एआईएडीएमके के लोकसभा में 37 सदस्य हैं।
पन्नीरसेल्वम ने मंगलवार देर रात पार्टी महासचिव वी. के. शशिकला के खिलाफ खुलकर बगावत करते हुए आरोप लगाया था कि उन पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव डाला गया।
dharmpath.com dharmpath