मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। हिंदी फिल्म नगरी में परिवारवाद की परंपरा पुरानी है, लेकिन गैर फिल्मी पृष्ठभूमि से आए शाहरुख खान का मानना है कि उनके बच्चे उनके पदचिन्हों पर चलते हुए अभिनय कॅरियर को ही अपनाएं, यह जरूरी नहीं है।
शाहरुख का हालांकि कहना है कि उनकी बेटी सुहाना अभिनेत्री बनने की इच्छुक है।
शाहरुख ने यहां एक समारोह में कहा, “मैं परंपरा में विश्वास नहीं करता। मेरे पिता अभिनेता नहीं थे और मुझे लगता है कि मेरे बच्चों को भी अभिनय के क्षेत्र में आना जरूरी नहीं है। मैं उन्हें नहीं कहूंगा कि उन्हें क्या करना चाहिए, क्योंकि मेरे माता-पिता ने भी कभी ऐसा नहीं कहा।”
शाहरुख ने कहा, “अगर मेरे बच्चे अभिनेता या अभिनेत्री नहीं बनते तो कोई फर्क नहीं पड़ता।”
शाहरुख के मुताबिक उन्हें नहीं लगता कि उनके बच्चों को उनसे अभिनय के गुण विरासत में मिले हैं।
शाहरुख ने कहा, “मेरा बेटा आर्यन अभी पढ़ रहा है और मैं चाहता हूं कि वह स्नातक की पढ़ाई पूरी करे, लेकिन मेरी बेटी अभिनय सीखना चाहती है। लेकिन मैं नहीं जानता कि इसके लिए उसे किस संस्थान में भेजना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath