संयुक्त राष्ट्र, 17 जून (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अपने सदस्यों से परमाणु हथियार ‘नॉन-स्टेट एक्टर्स’ के हाथों में नहीं पहुंचने देने के प्रस्ताव की समीक्षा करने को कहा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, “यह समीक्षा ‘नॉन-स्टेट एक्टर्स’ को परमाणु, रासायनिक एवं जैविक हथियार हासिल कर हमें धमकी देने से रोकने के हमारे साझा हित में होने चाहिए।”
2004 में अंगीकृत किए गए नरसंहार के हथियार के अप्रसार संबंधी प्रस्ताव ‘रिजोल्युशन 1540’ के तहत सभी सदस्यों देशों से यह उम्मीद की जाती है कि वे ‘नॉन-स्टेट एक्टर्स’ को किसी भी प्रकार की मदद नहीं करेंगे, ताकि वे परमाणु, रासायनिक तथा जैविक हथियारों का विकास, हस्तांतरण या इस्तेमाल न कर सकें।
इसमें यह माना गया है कि परमाणु, रासायनिक, जैविक हथियार अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है, इसलिए इस प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों को वचनबद्ध किया गया है कि वे नॉन-स्टेट एक्टर्स द्वारा परमाणु, रासायनिक तथा जैविक हथियार के निर्माण, हस्तांतरण और इस्तेमाल को रोकने के लिए प्रभावी कानून को अंगीकृत करें और इसे लागू करें।
सुरक्षा परिषद के मुताबिक, समीक्षा 28 अप्रैल को शुरू हुई, जो 30 नवंबर, 2016 तक जारी रहेगी।
dharmpath.com dharmpath