नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। यूबीएम इंडिया दक्षिण एशिया के प्रमुख पर्यटन व्यापार प्रदर्शनी ‘साटे’ का प्रगति मैदान में 15-17 फरवरी तक आयोजन कर रही है। इस प्रदर्शनी में 40 देशों और देश के 28 राज्यों के 870 से ज्यादा प्रदर्शक और प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
साटे यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य उद्योग से जुड़े घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों और पेशेवरों के साथ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पर्यटन निगमों (एनटीओ और एसटीओ) को एकत्र करने तथा व्यापार का संचालन करने के लिए मंच मुहैया कराता है। इस आयोजन में केंद्र सरकार की पर्यटन मंत्रालय भी महत्वपूर्ण भागीदार है।
इस प्रदर्शनी में भाग लेने वाले देशों में अमेरिका, मैक्सिको, पेरू, क्रेज रिपब्लिक, स्पेन, रूस, सिंगापुर, मलेशिया, चीन, हांगकांग, जापान, कोरिया, इजरायल, थाइलैंड, इंडोनेशिया, मकाऊ, फिजी, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, अबूधाबी, दुबई, न्यूजीलैंड, नियूनियन आइलैंड प्रमुख है। जबकि इसमें पेरू, वियतनाम और शारजाह पहली बार शामिल हो रहे हैं। तुर्की और मालदीव भी जल्द ही अपनी भागीदारी की पुष्टि करने वाले हैं। वहीं, दुबई, श्रीलंका और थाईलैंड एसएटीटीई 2017 के भागीदार देश हैं।
इस बारे में यूबीएम इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने बताया, “साटे अब एक संस्था बन चुकी है और दुनिया के इस हिस्से में एक वैश्विक प्रदर्शनी के रूप में विकसित हुई है। इस साल दुनिया भर में छाई मंदी के बावजूद यह पहले से कहीं अधिक भव्य पैमाने पर आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी में 21,000 से अधिक प्रशिक्षित पर्यटन पेशेवर हिस्सा लेंगे। यहां सम्मेलन, पुरस्कार समारोह के साथ ही नए उत्पादों की लांचिग भी की जाएगी।”
dharmpath.com dharmpath