पर्रिकर के बयान की पाकिस्तान ने की आलोचना

इस्लामाबाद, 24 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने भारतीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के उस बयान की आलोचना की है, जिसमें उन्होंने दूसरे देशों में आतंकवाद को खत्म करने के लिए आतंकवाद का इस्तेमाल करने की बात कही थी।

पर्रिकर ने बीते सप्ताह अंग्रेजी समाचार-पत्र ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए साक्षात्कार में आतंकवाद के खात्मे के लिए आतंकवाद का इस्तेमाल करने की बात कही थी। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल ने हालांकि उनके इस विवादास्पद बयान को तवज्जो नहीं देने की बात कही थी।

पाकिस्तान की ओर से हालांकि इस बयान को चिंताजनक बताया गया है। समाचार पत्र ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने शनिवार को पर्रिकर के बयान पर चिंता जताते हुए कहा, “भारतीय रक्षा मंत्री का यह बयान पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं में भारत की संलिप्तता को लेकर हमारी आशंकाओं की पुष्टि करता है। यह पहली बार है जब किसी देश की निर्वाचित सरकार के एक मंत्री ने खुले तौर पर किसी देश से आतंकवादी खतरों को रोकने के लिए वहां आतंकवाद का इस्तेमाल करने की बात कही है।”

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ईमानदारीपूर्वक भारत के साथ अच्छे पड़ोसी संबंधों के निर्वाह की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “आतंकवाद हमारा समान शत्रु है और है यह दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण है कि इस खतरे से निपटने के लिए साथ मिलकर काम करें, जिससे पाकिस्तान किसी भी देश से अधिक प्रभावित है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493