युवा पर्वतारोही रवि कुमार का शव गुरुवार की सुबह मुरादाबाद पहुंचा। सुबह सिविल लाइन स्थित अंबेडकर पार्क में नगरवासियों के लिए रवि का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।
20 मई को माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने वाले मुरादाबाद के रवि कुमार का पार्थिव शरीर गुरुवार तड़के मुरादाबाद पहुंचा, जहां से उसे सिविल लाइन स्थित अंबेडकर पार्क में श्रद्धांजलि दी गई। उसके बाद वहां से तिरंगे में लिपटे रवि के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए महानगर के प्रमुख रास्तों से होकर मोक्षधाम ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हाथों में बड़ी संख्या में युवाओं ने तिरंगा लिया था और वंदे मातरम के नारे लगाए जा रहे थे। वहीं शासन की तरफ से रवि के परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी राकेश कुमार ने कहा, “हमारे जनपद का होनहार बच्चा रवि कुमार माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहरा कर सफलता प्राप्त कर ली थी और वहां से वापस लौटते समय उसके साथ हादसा हुआ। हमारी संवेदनाएं शोक संतृप्त परिवार के साथ हैं। इस परिवार के साथ हमारी पूरी सहानुभूति है। शासन की ओर से रवि के परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया है।”
पर्वतरोही रवि कुमार के पिता हरकेश सिंह ने कहा, “रवि ने पूरे देश को गौरान्वित किया है अब तो वह विश्व का बेटा है। जो अपनी भारत माता के लिए उनकी शान के लिए अपनी प्राणों की बलि दे दी हम ऐसे बेटे को नमन करते हैं।”
उन्होंने सरकार से ट्रैकिंग को ओलंपिक में शामिल करने की गुजारिश की है।
dharmpath.com dharmpath