मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। मशहूर गायक कैलाश खेर ने ‘ऐसा ये जहां’ फिल्म से अभिनय की दुनिया में वापसी कर रहे यूफोरिया बैंड के संस्थापक और लोकप्रिय गायक पलाश सेन की तारीफ में कहा है कि वह ‘एक उद्धारक की तरह’ आए हैं।
कैलाश ने यहां फिल्म की स्क्रीनिंग के मौके पर कहा, “पलाश ने मुझे गौरवान्वित और खुश कर दिया। मैं तो हमेशा से डरा और चिंतित रहा हूं, क्योंकि दिग्गज किशोर कुमार के बाद अधिकांश गायक अभिनय के क्षेत्र में सफल नहीं हुए। लेकिन पलाश ने मुझे एक बहुत बड़ी राहत दी है। वह एक उद्धारक की तरह आए हैं।”
अभिनेता-गायक आयुष्मान खुराना और संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद के वाजिद अली ने भी फिल्म में पलाश की अदाकारी को सराहा।
आयुष्मान ने कहा, “मैं पलाश दादा और उनके बैंड यूफोरिया का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। पहला गाना ‘सौतेला शहर’ सुनने के बाद मेरे रोंगटे खड़े हो गए। ‘ऐसा ये जहां’ जैसी फिल्में अक्सर बननी चाहिए। यह वक्त की मांग है।”
वहीं, वाजिद ने कहा, “पलाश मेरे करीबी मित्र हैं। फिल्म में उन्होंने जबर्दस्त काम किया है।”
विश्वजीत बोरा निर्देशित यह फिल्म 24 जुलाई को रिलीज हो रही है।
dharmpath.com dharmpath