पश्चिम बंगाल में निवेश को रोक रहा है केंद्र : ममता

कोलकाता, 24 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जान बूझकर उनके राज्य में औद्योगिक निवेश में बाधा डाल रही है।

‘इंडिया टुडे कॉन्क्लेव ईस्ट 2017’ में ममता बनर्जी ने कहा, “आप उद्योगों से कहते हैं मत जाओ, अपना पैसा बंगाल में मत लगाओ। क्या यह संघीय ढांचे में एक अपराध नहीं है? केंद्र सरकार क्यों उद्योग से कह रही है कि वे बंगाल न जाएं?”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इतनी अधिक परियोजनाएं क्यों लंबित हैं? चीजों को लटकाए रखने को प्रवृत्ति बना दिया गया है (पेंडेंसी बन गई है टेंडेंसी)। कोई सहकारी संघवाद नहीं है। सुपर आपातकाल जारी है। हर उद्योगपति खतरे में है, जांच की निगाहों में है। उद्योग की कोई आवाज नहीं है। मीडिया, कुछ को छोड़कर, कठघरे में है। यह हालात दुखद हैं। इस तरह का अहंकार और रुख कभी नहीं देखा।”

तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि नेताओं तक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपनी राय नहीं रखने दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “अगर मैं कुछ कहती हूं तो उनके मंत्री मुझे फोन कर कहते हैं कि ‘आप नरेंद्र मोदी के खिलाफ क्यों बोल रही हैं?’ मैं कहती हूं कि यह मेरा राजनीतिक अधिकार है..और वे हमें भी कभी कभी इसी तरह धमकाते हैं। यह हालात हैं। हम कहां जाएं। लोकतंत्र कठघरे में है।”

उन्होंने इस बात को फिर दोहराया कि पूर्वी राज्यों की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा, “गुजरात, गुजरात है। मैं गुजरात का सम्मान करती हूं। लेकिन, किसी को अलग-अलग राज्यों के बीच विभेद नहीं करना चाहिए। हर राज्य काम कर रहा है। मैं राज्यों के बीच भेदभाव नहीं चाहती।”

ममता ने कहा, “पूर्वोत्तर और पूर्वी हिस्सों की शुरू से उपेक्षा की गई। समस्या यह है कि आप लोगों को उचित न्याय नहीं देते। मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि हमें हर चीज के लिए भीख मांगनी चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493