कोलकाता, 26 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर इंदिरा गांधी सरणी मार्ग पर आयोजित मार्च पास्ट में राज्यपाल के.एन. त्रिपाठी ने तिरंगा ध्वज फहराकर उसे सलामी दी।
इस मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य लोगों ने थलसेना, नौसेना व वायुसेना द्वारा परंपरागत परेड में शामिल होकर बोफोर्स तोपों और बहु-रॉकेट लांचर पिनाका जैसे अत्याधुनिक हथियारों की झाकियों के प्रदर्शन का आनंद लिया।
लोगों की भारी भीड़ और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भारतीय नौसेना के जहाज ब्रह्मपुत्र और विमानवाहक पोत आईएनएस सिंधुघोष के मॉडलों को भी प्रदर्शित किया गया।
कोलकाता और पश्चिम बंगाल पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने भी मार्च किया।
दमकल विभाग के प्रतिनिधियों और कोलकाता के एनसीसी छात्रों और अन्य जिलों के 11 स्कूलों के छात्रों ने भी परेड में भाग लिया।
इस परेड में सेना द्वारा जांबाज मोटरसाइकिल प्रस्तुतियों और रामकृष्ण मिशन की लड़कियों द्वारा प्रदर्शित समूह नृत्य ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
इस अवसर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा ने देश की एकता और अखंडता के समर्थन में मानव श्रंखलाओं का प्रदर्शन किया।
वाम मोर्चा के अध्यक्ष विमान बोस और माकपा के राज्य सचिव सूर्यकांत मिश्रा, नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला का गठन कर लोगों से सांप्रदायिक असहिष्णुता के खिलाफ खड़े होने का आग्रह किया।
राज्यभर में केंद्र और राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
राज्यभर में विभिन्न संगठनों, शैक्षिक संस्थानों और क्लबों में भी झंडे फहराकर और कार्यक्रमों का आयोजन कर गणतंत्र दिवस मनाया गया।
शहर में राजनीतिक पार्टियों के दफ्तरों में भी तिरंगे फहराए गए।
dharmpath.com dharmpath