पश्चिम बंगाल : योग दिवस समारोह में हजारों ने हिस्सा लिया

कोलकाता, 21 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पश्चिम बंगाल में हजारों लोगों ने योग शिविरों में हिस्सा लिया।

तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन एवं रवि शंकर प्रसाद ने योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की अगुवाई की।

केंद्रीय संचार एवं सूचना-प्रौद्योगिकी मंत्री प्रसाद ने राजधानी कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम की अगुवाई की, वहीं केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, भूविज्ञान मंत्री हर्षवर्धन ने खड़गपुर में योग कार्यक्रम की अगुवाई की।

केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो ने आसनसोल में पार्टी सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ मिलकर योगासन किया।

खड़गपुर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर संस्थान के जिमखाना में योग किया।

बिड़ला इंडस्ट्रीयल एंड टेक्नोलॉजिकल म्युजियम में वर्ल्ड योगा सोसायटी द्वारा रविवार तड़के योगाभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें स्कूली छात्रों, अभिभावकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

पुरुलिया में राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के अंतर्गत आने वाले जिला विज्ञान केंद्र, दीघा विज्ञान केंद्र एवं राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में योग प्रस्तुतियां और योग गुरुओं से बातचीत का सत्र आयोजित किया गया।

कोलकाता के साल्ट लेक में सुरेश नेवतिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर लीडरशिप में भी भारतीय उद्योग परिसंघ ने योग कार्यक्रम आयोजित किया।

भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारियों ने बड़ी संख्या में दो घंटे के योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उत्तर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी, कूचबिहार और हुगली में महिला-पुरुषों ने बड़ी संख्या में योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय लोगों, क्लबों के सदस्यों और रिहायशी इलाकों के लोगों ने रविवार सुबह योगासन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493