पहचान चुरा कर सेना में भर्ती होने वाला विदेशी वाराणसी से गिरफ्तार

उप्र एटीएस के आईजी असीम अरुण ने सोमवार को बताया, “एटीएस को यह सूचना मिली थी कि वाराणसी में हुई सेना की भर्ती में कुछ विदेशी लोग गलत नाम पते से भर्ती हो गए हैं। गोपनीय रूप से जांच की गई तो तीन नाम प्रकाश में आए, जो 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर वाराणसी से गोरखा राइफल्स में भर्ती हुए थे।”

उन्होंने बताया, “गहन जांच में पाया गया कि तीनों के चरित्र प्रमाण पत्र नकली हैं और यह लोग किसी अन्य की पहचान पर भर्ती हुए हैं। जांच में पाया गया कि इन लोगों ने असली व्यक्ति की ‘पहचान’ चुराई है। क्योंकि इन तीनों में से दो लोगों की पहचान के असली व्यक्ति अपने पते पर रह रहे हैं। तीसरे द्वारा दी गई ‘पहचान’ की जांच जारी है।”

आईजी ने बताया, “गोपनीय जांच के आधार पर एटीएस थाना लखनऊ में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना इंस्पेक्टर विजय मल को दी गई। विवेचना में तीनों आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों में आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद 16 अक्टूबर को तीनों फर्जी सैनिकों के खिलाफ न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी किया, जिसके आधार पर एटीएस ने सोमवार को वाराणसी में फर्जी दिलीप गिरि से पूछताछ की।”

असीम अरुण ने बताया कि उसने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसका असली नाम विष्णु लाल भट्टाराय उर्फ जीवन क्षत्रिय है। वह नेपाल देश के जिला रूपनदेई के थाना देवड़ा के देवड़ा-2 का रहने वाला है, जिसके बाद एटीएस ने उसे वाराणसी के कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि विष्णु लाल उर्फ दिलीप गिरी को 24 अक्टूबर मंगलवार को लखनऊ न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। उसे पुलिस रिमांड पर लिए जाने के लिए आवेदन किया जाएगा।

आईजी के मुताबिक, पकड़े गए विष्णु लाल ने पूछताछ में बताया कि एक दलाल ने उसे पांच लाख रुपये लेकर भर्ती कराया है। एटीएस दलाल की तलाश कर रही है।

उन्होंने बताया कि एटीएस सेना के सहयोग से शेष दो आरोपियों शिवांश बालियान जो इस वक्त गोरखा राइफल्स भुज में पोस्टेड है और मनोज कुमार बस्नेत जो गोरखा राइफल्स न्यू जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल में पोस्टेड है, जिनकी तलाश जारी है। दोनों छुट्टी लेकर फरार हैं।

आईजी ने बताया कि इन लोगों को गिरफ्तार कर इनसे जानना होगा कि इनकी असली पहचान क्या है और यह क्यों फर्जी पहचान पर भर्ती हुए? दोनों आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार सिपाही विष्णुलाल से पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493