पहले साल में पूंजीवादी मित्रवाद का किया खात्मा : जेटली

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का प्रथम वर्ष घोटाला और भ्रष्टाचार से मुक्त रहा और इस दौरान कानून का शासन चला। ऐसा पिछले एक दशक में नहीं हुआ था। यह बात केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को कही।

जेटली ने ट्वीट के जरिए कहा, “एक साल में हम घोटाला और भ्रष्टाचार से दूर रहे और हमने जन धन विकास तथा सुराज का काम किया।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “विगत एक साल में राजग सरकार ने कानून के शासन को बढ़ावा दिया, जो एक दशक में नहीं हुआ था।”

फेसबुक पर अपनी ‘संप्रग के पूंजीवादी मित्रवाद का पतन’ शीर्षक वाली एक लंबी पोस्टिंग में जेटली ने कहा कि भ्रष्टाचार को भारत की राजनीतिक शब्दावली से हटाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “निवेशकों को दंडित करने वाली व्यवस्था बदल दी गई है। अब सुधार और उदारीकरण पर जोर है, पूंजीवादी मित्रवाद या प्रताड़ना पर नहीं।”

जेटली ने कहा, “पहले जहां साउथ ब्लॉक और नॉर्थ ब्लॉक में उद्योगपतियों का तांता दिखाई पड़ता था, वह गायब हो गया है। सरकारी कार्यालयों के गलियारे खाली हो गए हैं। वहां शांति छा गई है।”

उन्होंने जन धन वित्तीय समावेशीकरण योजना, कोयला नीलामी और रसोई गैस सब्सिडी हस्तांतरण योजना जैसी सरकार की कई उपलब्धियां गिनाईं।

उन्होंने कहा, “अब मंत्री की कोई भूमिका नहीं। वे अब सिर्फ नीति बनाते हैं। कीमत बाजार की व्यवस्था से तय होती है और नीलामी के जरिए आवंटन तय होता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493