जम्मू, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी कारोबारियों ने भारतीय कारोबारियों से छिड़े एक विवाद पर बुधवार को केले से लदे 13 भारतीय ट्रक वापस भेज दिए। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
कश्मीर के भारतीय हिस्से और पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों के बीच व्यापार कार्यक्रम के अंतर्गत ये ट्रक मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर से पाकिस्तान भेजे गए थे।
भारतीय अधिकारी मुहम्मद अशरफ चौधरी ने कहा कि चकन द बाग में दोनों ओर के अधिकारी मुद्दे को सुलझाने के लिए मिलेंगे।
भारतीय व्यापारियों ने बताया कि हिसाब-किताब ठीक करने के लिए विवाद छिड़ा, लेकिन पाकिस्तानी कारोबारियों को ट्रक लौटाने नहीं चाहिए थे।
चौधरी ने कहा, “मंगलवार को 25 ट्रक चकन द बाग चौकी के पार गए थे।”
उन्होंने कहा, “उनमें से केले से लदे 13 ट्रक वापस भेज दिए गए।” उन्होंने साथ ही बताया कि पाकिस्तान से मंगलवार को बादाम, जड़ी-बूटी और सेब से लदे 10 ट्रक भारत आए थे।
भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध बेहतर बनाने की दिशा में 2008 में जम्मू एवं कश्मीर सीमा के आर-पार व्यापार शुरू किया गया था।
dharmpath.com dharmpath