पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ के 3 जवान घायल (लीड-1)

जम्मू, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना द्वारा बुधवार को जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे भारतीय ठिकानों पर की गई गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तीन जवान घायल हो गए।

राजौरी में घायल हुए जवानों को अस्पताल ले जाया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों ने जवानों की हालत स्थिर बताई है।

रक्षा सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर सुबह से भारी गोलाबारी और गोलीबारी शुरू कर दी।

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने आईएएनएस से कहा, “पाकिस्तानी सेना ने पुंछ व राजौरी जिलों में भिंबर गली, कृष्णा घाटी और नौशेरा सेक्टरों में नियंत्रण रेखा से सटे भारतीय ठिकानों पर सुबह नौ बजे के बाद अंधाधुंध गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।”

मेहता ने बताया, “उन्होंने हमारे ठिकानों को निशाना बनाने के लिए 120 मिमी के मोर्टारों और स्वचालित हथियारों का उपयोग किया, जिसके बाद हमने भी उन्हें करारा जवाब दिया।”

पाकिस्तान की ओर से 2003 के संघर्षविराम समझौते का ताजा उल्लंघन कश्मीर के माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर तीन भारतीय सैनिकों की शहादत के बाद हुआ है। शहीद एक जवान के शव के साथ बर्बरता की गई थी।

भारतीय सेना ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना की इस ‘कायराना हरकत’ का बदला लिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493