चंडीगढ़, 26 मई (आईएएनएस)। हरियाणा पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो भारतीय पहचान के साथ झज्जर जिले के इस्कॉन मंदिर में नौ महीने से भी ज्यादा समय से अवैध रूप से रह रहा था।
इस व्यक्ति के पास से 33 दिनों की वैधता वाले भारतीय वीजा के साथ पाकिस्तानी पासपोर्ट और भारतीय पहचान पत्र बरामद किए गए। इसका वीजा 2016 में समाप्त हो चुका है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि व्यक्ति के पासपोर्ट पर उसका नाम राजा है, जो पाकिस्तान के लरकाना में हिंदू कॉलोनी का रहने वाला है।
राजा को गुरुवार शाम दिल्ली-हरियाणा सीमा के करीब बहादुरगढ़ के इस्कॉन मंदिर से गिरफ्तार किया गया था। वह एक स्वयंसेवक के रूप में मंदिर में रह रहा था।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने उसके पास से आधार कार्ड, मतदाता परिचय-पत्र और पैन कार्ड (स्थायी खाता संख्या) भी बरामद किया है। दोनों में इसने अपना नाम रसराज और पता बहादुरगढ़ का इस्कॉन मंदिर लिखाया है।
इस व्यक्ति के पासपोर्ट पर जन्मतिथि 1 जनवरी, 1978 है, जबकि आधार और पैन कार्ड पर जन्मतिथि 13 मार्च, 1987 लिखा हुआ है।
अधिकारी के अनुसार, “इसके पास से कुछ और पहचान-पत्र बरामद किए गए हैं और हम इनके असली या नकली होने की जांच कर रहे हैं।”
अभी इस व्यक्ति पर मामला दर्ज नहीं हुआ है।
इसी तरह का एक मामला कर्नाटक में भी देखने को मिला, जहां दो महिलाओं सहित तीन संदिग्ध नागरिकों को फर्जी पहचान के साथ गुरुवार को बेंगलुरू से गिरफ्तार किया गया।
dharmpath.com dharmpath