इस्लामाबाद, 8 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना की जनसंपर्क शाखा इंटर सर्विसिस पब्लिक रिलेशंस ने बलूचिस्तान के मस्तंग इलाके में चलाए गए एक अभियान का गुरुवार को ब्योरा जारी किया, जिसमें सुरक्षाबलों द्वारा 12 ‘खूंखार आतंकवादियों’ को मार गिराने का दावा किया गया है।
डॉन की रपट के मुताबिक, विशेष कमांडो ने कई किलोमीटर लंबी गुफा को ध्वस्त करने के तीन दिवसीय अभियान में हिस्सा लिया। गुफा का इस्तेमाल प्रतिबंधित लश्कर-ए-झांगवी अल-अलमी (एलईजेए) समूह पाकिस्तान में हमलों की योजना बनाने के लिए करता था।
सेना ने गुरुवार को कहा कि मस्तंग में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए सफल अभियान ने पाकिस्तान में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के प्रत्यक्ष या परोक्ष तौर पर संगठित किसी भी तरह के ढाचे का खंडन किया है।
आईएसपीआर ने बयान में कहा कि सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित एलईजेए के 10-15 आतंकवादी मस्तंग से 36 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित इस्पलिंगी के निकट गुफाओं में छिपे हैं, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने अभियान चलाया।
बयान के मुताबिक, आतंकवादी संगठन कथित तौर पर आईएस आतंकवादियों के साथ संपर्क करने की कोशिश कर रहा था और उसकी मंशा बलूचिस्तान में आईएस के पांव जमाने में मदद करने की थी।
खुफिया तथा सुरक्षा बलों ने आतंकवादी ठिकानों से तीन जून को ही आतंकवादियों का सफाया कर दिया था। मुठभेड़ के दौरान 12 आतंकवादी मारे गए, जिनमें दो फिदायीन हमलावर भी थे।
गुफा के अंदर सुरक्षाबलों ने आईईडी बनाने वाले उपकरणों को नष्ट किया और हथियारों व विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया, जिनमें 50 किलोग्राम विस्फोट, तीन आत्मघाती जैकेट, 18 हथगोले, छह रॉकेट लॉन्चर, चार हल्के मशीनगन तथा भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के विस्फोटक शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath