लंदन, 8 जून (आईएएनएस)। ब्रिटेन में एक जून को हुए आतंकवादी हमले के बाद से अब तक ‘घृणास्पद अपराध’ को लेकर 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के चीफ सुपरिटेंडेंट डेव स्ट्रिंगर ने बुधवार रात कहा, “मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने घृणास्पद अपराध के सिलसिले में एक जून से लेकर अब तक 25 गिरफ्तारियां की हैं।”
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, स्ट्रिंगर ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने पूरे लंदन में विशेष जांचकर्ताओं की संख्या 30 फीसदी तक बढ़ा दी है। अब 900 से अधिक कर्मचारी घृणास्पद अपराध तथा घरेलू हिंसा अपराधों की जांच के प्रति समर्पित हैं।
अधिकारी ने कहा, “हमने सड़कों पर व समुदाय में अधिकारियों की संख्या बढ़ा दी है, ताकि लोग बिना किसी उत्पीड़न या भय के शांतिपूर्वक जीवन जी सकें।”
उन्होंने कहा कि समर्पित पुलिस अधिकारियों ने लंदन में पूजा स्थलों से भी संपर्क किया है, ताकि लोग घृणास्पद अपराध की रपट करने को उत्सुक हों और वहां जो लोग इकट्ठे होते हैं, वे इस बात से आश्वस्त रहें कि पुलिस घृणास्पद अपराध को गंभीरतापूर्वक लेगी।
साप्ताहांत में हुए हमले में मृतकों की संख्या आठ हो गई है। मंगलवार रात फ्रांस के पर्यटक जेवियर थॉमस (45) का शव टेम्स नदी से बरामद किया गया।
माना जा रहा है कि आतंकवादियों की गाड़ी के धक्के से थॉमस नदी में जा गिरे थे। आतंकवादियों ने किराए पर ली गई कार से कई लोगों पर हमला किया था।
थॉमस लंदन ब्रिज पर अपनी महिला मित्र क्रिस्टिन डेलक्रॉस के साथ जा रहे थे, जिस दौरान उन्हें भी चोटें आईं।
dharmpath.com dharmpath