श्रीनगर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सैनिकों ने सोमवार को संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में बिना उकसावे के नियंत्रण रेखा के नजदीक भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “पाकिस्तानी सैनिकों ने माचिल सेक्टर में बिना उकसावे के भारतीय चौकियों पर 82 मिमी मोर्टार और स्वचालित हथियारों से गोलाबारी की।”
अधिकारी ने आगे बताया, “भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। नियंत्रण रेखा पर अभी भी लगातार दोनों ओर से गोलाबारी जारी है।”
जम्मू एवं कश्मीर के ही पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर रविवार को पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा की गई गोलाबारी में भारत के दो सैनिक शहीद हो गए और दो अन्य सैनिक तथा एक नागरिक घायल हो गए।
भारतीय सेना द्वारा 29 सितंबर को नियंत्रण रेखा के पार जाकर आतंकवादी अड्डों के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही पाकिस्तानी सैनिक जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath