पाकिस्तान के सिंध में जलजनित रोग से 165 मरे

इस्लामाबाद, 1 मार्च (आईएएनएस)। भोजन की कमी और जलजनित बीमारियों के फैलने से पाकिस्तान के सिंध प्रांत में जनवरी से लेकर अब तक 165 मौतें हो चुकी हैं।

पाकिस्तानी टीवी चैनल दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इतना सब होने के बावजूद पाकिस्तान सरकार स्थिति में सुधार के लिए कुछ नहीं कर रही है। नतीजा है कि लोग बच्चों की मौत बढ़ती संख्या से आतंकित होकर सिंध के थारपरकार जिले में दैविक कृपा के लिए प्रार्थना सभाओं का आयोजन कर भगवान से गुहार लगा रहे हैं। गौरतलब है कि थारपरकार हिन्दू बहुल जिला है।

रिपोर्ट में कहा गया कि सिंध के मुख्यमंत्री सईद कैम अली शाह ने स्थिति पर नजर रखने के लिए दो सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है। शाह ने कहा, “मैंने स्वास्थ्य इकाइयों, औषधालयों के उन्नयन, तालुका स्तर के अस्पतालों में उपकरण उपलब्ध करा कर और दवाओं के बजट को दोगुना कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाया है।”

उल्लेखनीय है कि मृतकों में अधिकांश बच्चे हैं जिनकी मौत भोजन की कमी के कारण हुई है। सन् 2012 में भी मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र को आपदा प्रभावित घोषित किया था।

हाल के वर्षो में थार में औसत से कम वर्षा होने के चलते 22,000 वर्ग किलोमीटर में फैले इस मरु क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों और जानवरों की मौत हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493