नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की एक अदालत ने यहां 2010 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान लंदन में किए गए बेटन रिले आयोजन के दौरान भ्रष्टाचार के मामले में आयोजन समिति के अधिकारियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं, जिनमें टी.एस. दरबारी भी शामिल हैं। मंगलवार को सूत्रों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो के विशेष न्यायाधीश अजय कुमार जैन ने दरबारी और पांच अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आरोप तय किए।
अदालत ने अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान रिकार्ड करने के लिए 4 अप्रैल का दिन तय किया है।
कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन समिति के संयुक्त महानिदेशक दरबारी, उपमहानिदेशक संजय महेंद्रू, तत्कालीन खजांची एम. जयचंद्रन, लंदन में रहनेवाले कारोबारी आशीष पटेल और उनकी दो निजी कंपनियों एएम कार व वैन हायर और एएम फिल्मस के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं।
सीबीआई के आरोपपत्र में कहा गया है कि आशीष पटेल की कंपनियों को काम का ठेका देने के संबंध में आरोपी अधिकारियों ने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं।
एजेंसी ने कहा कि अधिकारियों ने निविदा प्रक्रिया के मानकों का पालन नहीं किया और पटेल की कंपनियों को ठेका दे दिया।
अभी आरोपी व्यक्ति फिलहाल जमानत पर हैं।
आरोप पत्र में कहा गया है कि उन्होंने बेईमानी और धोखे से प्राथमिक उपचार संबंधी, अतिरिक्त बैरियर लगाने संबंधी, मोबाइल अस्थायी टॉयलेट बनाने और बिजली आपूर्ति का ठेका इन कंपनियों को भारी भरकम कीमत पर दिया।
dharmpath.com dharmpath