इस्लामाबाद, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के साथ लगी अपनी चमन सीमा को फिर से खोल दिया है। चौदह दिन पहले अफगानिस्तानियों की एक भीड़ द्वारा पाकिस्तानी झंडे को जलाने और फ्रेंडशिप गेट पर हमले के बाद पाकिस्तान ने इसे बंद कर दिया था।
डॉन आनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान द्वारा झंडा जलाने की घटना की बुधवार को कड़े शब्दों में निंदा करने के बाद पाकिस्तान इस सीमा को खोलने पर राजी हुआ। दोनों तरफ के अधिकारियों ने मसले के हल के लिए पांच बैठकें कीं।
इस सीमा चौकी के बंद रहने से दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियां बंद हो गई थीं। यह गतिविधियां गुरुवार से फिर शुरू हो गईं। दोनों तरफ के सुरक्षा इंतजाम अभी सख्त हैं।
कर्नल मुहम्मद अली के नेतृत्व में अफगानिस्तान के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार की रात बैठक की और पाकिस्तानी अधिकारियों को एक पत्र सौंपा जिसमें अफगानिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी झंडा जलाने की और फ्रेंडशिप गेट पर पत्थर बरसाने की 18 अगस्त की घटना की निंदा की थी।
डॉन अखबार के मुताबिक, झंडा जलाने की घटना को दोनों देशों के बीच गलतफहमी पैदा करने का कुछ तत्वों का प्रयास भी बताया।
चमन में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बलूचिस्तान पर टिप्पणी के खिलाफ जब हजारों पाकिस्तानी कबाइली रैली निकाल रहे थे, तभी अफगानिस्तान के नागरिकों ने पाकिस्तान का झंडा जलाया था। उसके एक दिन बाद 19 अगस्त सीमा को बंद कर दिया गया था।
डॉन ऑनलाइन की खबर के अनुसार, सीमा के 14 दिनों तक बंद रहने से नाटो की आपूर्ति, दोनों देशों का व्यापार और अफगानिस्तान के शरणार्थियों की यूएनएचसीआर कार्यक्रम के तहत अपने देश वापसी बुरी तरह प्रभावित हुई थी। दोनों तरफ के व्यापारियों को बहुत अधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा क्योंकि व्यापारिक गतिविधियों स्थगित रहीं।
हर दिन 10 से 15 हजार पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी चमन और वेश मंडी में अपने व्यापार के सिलसिले में दोनों देशों में आते-जाते हैं।
dharmpath.com dharmpath