पाकिस्तान ने गुजरात तट से दूर 3 भारतीय नौकाएं जब्त की

अहमदाबाद, 7 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान मरीन सिक्योरिटी एजेंसी (पीएमएसए) ने गुजरात के कच्छ जिले के झकाउ तट से दूर अरब सागर से मछली पकड़ने वाली तीन भारतीय नौकाओं को जब्त किया है।

इन नौकाओं पर सवार 18 भारतीय मछुआरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

नेशनल फिश वर्कर्स फोरम के सचिव मनीष लोधारी ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, “इन नौकाओं को रविवार रात अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास से जब्त किया गया है।”

मनीष ने कहा, “हो सकता है कि नौकाओं की संख्या पांच हो, पर हम पाकिस्तान की ओर से पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अक्टूबर से पीएमएसए ने गुजरात तट के बाहर से करीब 63 भारतीय नौकाएं जब्त की और 572 मछुआरों को भी गिरफ्तार किया है।

इस बीच, जांच एजेंसियां पिछले तीन महीनों में कच्छ तट पर सर क्रीक के पास लावारिस हालत में मिलीं मछली पकड़ने वाली पांच नौकाओं की जांच कर रही हैं, जिनमें से एक नौका के बारे में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को शुक्रवार को गश्त के दौरान पता चला था।

शुक्रवार को बरामद नौका 20 फुट लंबी और 10 फुट चौड़ी है। इसमें राशन, पानी के जग, मछली पकड़ने वाली जालें, क्रैब, डीजल और चटाइयां भी मिली हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493