पाकिस्तान ने जम्मू में युद्धविराम का उल्लंघन किया (लीड-1)

जम्मू, 18 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तान ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा एवं नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे भारतीय इलाके में अकारण गोलीबारी कर युद्धविराम का उल्लंघन किया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जम्मू जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र में पिछली रात पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से की गई गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “आर. एस. पुरा सेक्टर में पिछली रात हुई गोलीबारी में सुभाष चंद्र (38) को पैर में गोली लगी। उसे जम्मू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

पाकिस्तान रेंजर्स ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास सुचेतगढ़ इलाके में सोमवार रात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चौकियों को निशाना बनाया। उन्होंने छोटे और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया।

अधिकारी ने बताया, “बीएसएफ ने भी जवाबी गोलीबारी की। दोनों तरफ से मंगलवार तड़के 4.50 बजे तक गोलीबारी चली।”

पाकिस्तानी सेना ने सोमवार आधी रात के बाद नियंत्रण रेखा पर पुंछ सेक्टर में 82 एमएम मोर्टार से गोलीबारी की। रक्षा प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने आईएएनएस को बताया, “सोमवार आधी रात के बाद 12.45 बजे से शुरू हुई गोलीबारी मंगलवार तड़के तीन बजे तक चली।”

पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को नियंत्रण रेखा से सटे पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में भी गोलीबारी कर युद्धविराम का उल्लंघन किया। गोलीबारी सोमवार शाम सात बजे शुरू हुई और आधी रात तक चली।

मेहता ने बताया, “हमारे सैनिकों ने भी समान क्षमता वाले हथियारों से जवाबी गोलीबारी की।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493