इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायु सेना के अड्डे पर शनिवार को हुए आतंकवादी हमले की कड़ी आलोचना की।
‘रेडियो पाकिस्तान’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यहां जारी एक बयान में भारत सरकार, भारत के लोगों और शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना जताई और हमले में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बयान के मुताबिक, हाल में दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय संपर्को से बनी सद्भावना के आधार पर पाकिस्तान अपने साझेदार भारत के साथ दक्षिण एशियाई क्षेत्र से आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने के प्रति कटिबद्ध है।
पुलिस ने कहा कि हमलों के दौरान कमांडो ने कम से कम चार आतंकवादियों को मार गिराया।
वहीं नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “पाकिस्तान से किसी भी प्रकार के आतंकवादी हमलों का हम मुंहतोड़ जवाब देंगे।”
इससे पहले, पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने 27 जुलाई, 2015 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर में एक हमले को अंजाम दिया था, जिसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित सात लोग मारे गए थे।
dharmpath.com dharmpath