पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, गोलीबारी में 3 घायल (राउंडअप)

जम्मू, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए अंतर्राष्ट्रीयसीमा पर भारत की तरफ मोर्टार दागे व छोटे हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें दो महिलाएं व एक पुरुष घायल हो गए।

रक्षा सूत्रों ने यहां कहा कि पाकिस्तानी रेंजरों ने जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की व मोर्टार दागे।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी गोलाबारी पर जवाबी कार्रवाई की और समान क्षमता के हथियारों का इस्तेमाल किया।

गोलाबारी से घबराए दर्जनों परिवार पल्लनवाला इलाके में अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए।

कुछ इसी तरह का दृश्य पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास दिखाई दिया, जब पाकिस्तानी सेना ने शाहपुर में 82 एमएम मोर्टार के गोले दागने शुरू किए, जो भारत की तरफ गिरे।

तीन नागरिकों को छर्रे लगे हैं। पुलिस ने कहा है कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2003 में हुए संघर्षविराम का एक और उल्लंघन पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के सबजियान सेक्टर में किया। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। शाहपुर और सबजियान में रुक-रुक कर सोमवार देर शाम तक गोलीबारी होती रही।

बारामूला जिले के जांबाजपोरा इलाके में आतंकवाद रोधी 46 राष्ट्रीय राइफल्स के एक शिविर पर आतंकवादियों ने रविवार रात हमला कर दिया। हमले के दौरान गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य घायल हो गया।

इस घटना के कुछ घंटे के बाद ही सीमा पर गोलाबारी शुरू हो गई।

सैन्य शिविर की सुरक्षा कर रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों की शिविर के मुख्य द्वारा पर सबसे पहले कम से कम दो आतंकवादियों से मुठभेड़ हुई।

बीएसएफ के महानिरीक्षक (कश्मीर) विकास चंद्र ने समाचार चैनल टाइम्स नाऊ से कहा, “दो सैनिकों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। जब उन्होंने इसका कारण जानना चाहा, तो उनपर आतंकवादियों ने ग्रेनेड लॉन्चर से हमला कर दिया। एक ग्रेनेड में विस्फोट होने से नितिन कुमार नाम का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।”

उन्होंने बताया कि परमिंदर नाम का जवान भी घायल हुआ। घायल होने के बावजूद सिपाही नितिन ने कम से कम 20 चक्र गोलियां चलाईं, जबकि परमिंदर ने 48 चक्र गोलियां चलाईं।

अधिकारी ने कहा, “नितिन कुमार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। लेकिन, हमने हमले का जवाब दिया।”

उन्होंने कहा, “हमने एक वायरकटर जब्त किया है, जो आतंकवादियों के इरादे को दर्शाता है। उन्हें मारा जाना चाहिए था, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे भाग निकलने में कामयाब रहे।”

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना आतंकवादियों के साथ-साथ नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

जम्मू एवं कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने के केंद्र सरकार के प्रयास के तहत अपने दो दिवसीय लद्दाख दौरे पर लेह पहुंचने के बाद राजनाथ ने यह टिप्पणी की।

राजनाथ का यह दौरा नियंत्रण रेखा के पार भारतीय सेना द्वारा पिछले सप्ताह किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद हो रहा है, जिसमें सेना ने आतंकवादियों के सात लांच पैड्स को निशाना बनाने की बात कही है।

राजनाथ ने यह भी कहा कि वह लेह और लद्दाख के लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा, “मैं उनकी समस्याएं दूर करने की कोशिश करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493