इस्लामाबाद, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने ब्रिटेन से आग्रह किया है कि वह भारत के साथ रुकी बातचीत फिर से शुरू कराना सुनिश्चित कराने में भूमिका निभाए और जम्मू एवं कश्मीर में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन को रोकने में मदद करे।
विदेश मामलों पर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विशेष सहायक तारिक फातमी ने ब्रिटेन के सुरक्षा सलाहकार मार्क ल्याल ग्रांट से रविवार को कहा कि ब्रिटेन को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य होने के नाते भारत से कश्मीर में मानवाधिकारों का कथित उल्लंघन बंद करने लिए आग्रह करना चाहिए।
डॉन की खबर के मुताबिक, फातमी ने कहा, “इस क्षेत्र से ऐतिहासिक रूप से जुड़े देश और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में से होने के नाते यह ब्रिटेन का कर्तव्य है कि वह भारत से कश्मीर में मानवाधिकारों का कथित उल्लंघन करना खत्म करे। साथ ही पाकिस्तान के साथ एक टिकाऊ बातचीत की प्रक्रिया शुरू करे, ताकि दोनों देश अपने मतभेदों का शांतिपूर्वक समाधान कर सकें।”
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा का मुद्दे और परस्पर हितों के मामलों पर चर्चा की गई।
ग्रांट ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में निभाई जा रही भूमिका, देश ने जो सफलताएं हासिल की हैं और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उसके लोगों ने कुर्बानियां दी हैं, उसे स्वीकार किया।
उन्होंने पाकिस्तान के इस प्रयास में ब्रिटेन के लगातार समर्थन की फिर से पुष्टि की।
ग्रांट को भारत द्वारा नियंत्रण रेखा और वर्किं ग बाउंड्री पर कथित रूप से संघर्षविराम के लगातार उल्लंघन की जानकारी दी गई और बताया गया कि हाल में सीमा पार से हुई गोलीबारी में दो महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए।
dharmpath.com dharmpath