बीएसएफ पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम : राजनाथ

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सीमा पर पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में आज एक बच्चे की मौत हो गई तथा बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया।

बीएसएफ के महानिदेशक के.के.शर्मा से टेलीफोन पर बातचीत के बाद राजनाथ ने ट्वीट किया, “बीएसएफ के महानिदेशक से बात हुई, जिन्होंने मुझे जम्मू क्षेत्र के सीमांत इलाकों के हालात से अवगत कराया। बीएसएफ मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।”

राजनाथ रविवार से बहरीन की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।

मंत्री ने बीएसएफ के हेड कांस्टेबल सुशील कुमार की बहादुरी की भी प्रशंसा की, जो पाकिस्तानी रेंजरों की गोलाबारी का शिकार हो गए। इस गोलाबारी में एक बच्चे की भी मौत हो गई।

आर.एस.पुरा सेक्टर में शहीद होने वाले सुशील कुमार हरियाणा के कुरूक्षेत्र के निवासी हैं, जो सन् 1992 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। बच्चे की मौत कनाचक इलाके में हुई है।

राजनाथ ने कहा, “मैं सुशील कुमार की बहादुरी व बलिदान को नमन करता हूं।”

अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी रेंजरों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की लगभग एक दर्जन चौकियों को निशाना बनाया।

पुलिस ने कहा कि घायलों में बीएसएफ के दो जवान व सात नागरिक हैं। ताजा गोलाबारी में कम से कम 50 गांवों को क्षति पहुंची है।

भारतीय सेना द्वारा 28 सितंबर को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लॉन्च पैड पर सर्जिकल कार्रवाई से बौखलाया पाकिस्तान बार-बार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493