पाकिस्तान में घायल इंडोनेशियाई राजदूत की मौत

जकार्ता, 19 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में इस माह के प्रारंभ में दुर्घटनाग्रस्त हुए सैन्य हेलीकॉप्टर में घायल लोगों में शामिल इंडोनेशियाई राजदूत की मंगलवार को सिंगापुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो ने यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, विदोदो ने कहा कि राजदूत बुरहान मोहम्मद (58) की सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह इस घटना में मरने वाले तीसरे विदेशी राजदूत हैं।

विदोदो ने बुरहान के परिवार और उनके संबंधियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

स्टेट पैलेस में मंत्रिमंडल की बैठक से पहले उन्होंने कहा, “मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। आशा करता हूं कि उनका परिवार इस दुख का मजबूती से सामना कर सके।”

बुरहान मोहम्मद की पत्नी हेरी लिस्त्यावती की पहले ही जान जा चुकी है। आठ मई को जब हेलीकॉप्टर पाकिस्तान के पहाड़ी इलाके गिलगित बाल्टिस्तान के इलाके में नीचे आया उस दौरान उस पर सवार लोगों में हेरी भी शामिल थीं।

दुर्घटना के बाद मोहम्मद बुरहान का पूरा शरीर बुरी तरह जल गया था।

इस दुर्घटना में नॉर्वे और फिलीपींस के राजदूतों की भी जान जा चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493