इस्लामाबाद, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची में चीन के वाणिज्यिक दूतावास के पास आतंकवादी हमले में शुक्रवार को दो पुलिसकर्मियों सहित कम से कम पांच लोग मारे गए।
कराची दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक जावेद आलम ने बताया कि अज्ञात आतंकवादियों के एक समूह ने कूटनीतिक क्षेत्र में वाणिज्यिक दूतावास के पास गोली चलानी शुरू कर दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी और तीन अन्य लोग मारे गए। हमला कराची के क्लिफ्टन क्षेत्र में हुआ जहां कई अन्य विदेशी मिशन भी हैं।
करीब तीन से चार आतंकवादी इस इलाके में पहुंचे और यहां तैनात पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की व ग्रेनेड दागने शुरू कर दिए।
कराची के जिन्ना अस्पताल की निदेशक सीमी जमाली ने मीडिया से कहा कि अस्पताल में पांच शव और एक घायल को लाया गया है।
अस्पताल चिकित्सक ने कहा कि मारे गए लोगों में दो की पहचान पुलिसकर्मियों के रूप में हुई है जबकि तीन अन्य की पहचान नहीं हो पाई है।
कराची के पुलिस प्रमुख अमीर शेख ने कहा कि सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में कम से कम तीन आतंकवादी मारे गए हैं। पुलिस प्रमुख ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों में दो के पास से आत्मघाती विस्फोट वाली जैकेट भी बरामद की गईं।
पुलिस प्रमुख ने कहा कि गोलीबारी बंद हो गई है और सुरक्षा बल व पुलिस इलाके में खोज अभियान चला रहे हैं।
बम निष्क्रिय करने वाला दस्ता भी इलाके में आतंकवादियों द्वारा लगाए बमों को निष्क्रिय कर रहा है।
राजनयिक परिसर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर लोगों और मीडिया के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। शहर के सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रधानमंत्री इमरान खान ने घटना की निंदा की और इसे पाकिस्तान और चीन के आर्थिक व सामरिक सहयोग के खिलाफ साजिश करार दिया।
इमरान ने कहा, “इस तरह की घटनाएं पाकिस्तान-चीन संबंध को कमजोर नहीं कर सकती हैं जो हिमालय से अधिक शक्तिशाली और अरब सागर से गहरा है।”
dharmpath.com dharmpath