इस्लामाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने गत दो महीनों में 252 आतंकियों को मार गिराया है और एक बड़ी सैन्य कार्रवाई के अंतिम चरण में उत्तरी वजीरिस्तान के दूरदराज के अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों को आतंकियों से खाली करा लिया है। आधिकारिक रूप से रविवार को यह जानकारी दी गई।
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा है कि शावाल घाटी में छिपे आतंकियों का सैकड़ों सैनिक पीछा कर रहे हैं। लड़ाकू विमान भी सैनिकों सहायता कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है, “शावाल में आखिरी चरण के अभियान में 252 आतंकी मारे गए और बताया जाता है कि 160 गंभीर रूप से घायल हैं। गत दो महीने में शावाल में लड़ाई के दौरान पाकिस्तानी सेना के आठ सैनिक शहीद हुए जबकि 39 घायल हैं।”
आईएसपीआर के प्रवक्ता द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि आतंकियों के प्रमुख गढ़ माना, गुरबाज, लातका, इंजारकास और माग्रोताई को आतंकियों से साफ कर दिया गया है।
बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के पास आतंकियों से आखिरी इलाके को खाली कराने के लिए लड़ाई जारी है। अभी जिन इलाकों में लड़ाई चल रही है, वे अत्यंत दुर्गम पहाड़ी इलाके है जहां मौसम अत्यंत रूखा है। यह भी कहा गया है कि शावाल के पहाड़ पूरी तरह से बर्फ से ढंके हुए हैं। इन पहाड़ों पर दृश्यता बहुत ही कम है।
सुरक्षा बलों ने नौ हजार फीट से अधिक ऊंचाई तक के आतंकियों के सभी शिविरों को ध्वस्त कर दिया है। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला बारूद बरामद किए हैं।
बयान में कहा गया है, “अंतिम चरण की लड़ाई की शुरुआत गत फरवरी में हुई थी। सैनिकों ने वीरतापूर्वक लड़ते हुए शावाल घाटी का 640 वर्ग किलोमीटर खाली करा लिया है।”
जर्ब-ए-अज्ब नाम के इस सैन्य अभियान के आखिरी चरण के दौरान अस्थाई रूप से विस्थापित लोगों की वापसी का काम योजना के अनुसार चल रहा है। उत्तरी वजीरिस्तान एजेंसी के 37 हजार 12 परिवारों में से 36 फीसदी अपने घरों में लौट आए हैं।
उत्तरी वजीरिस्तान में जर्ब-ए-अज्ब अभियान की शुरुआत करीब दो साल पहले तब हुई थी जब आतंकियों ने कराची के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आतंकी हमला किया था। तब सरकार और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के बीच वार्ता नाकाम हो गई थी।
हाल की रिपोर्ट में बताया गया है कि सरकार द्वारा आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों के बाद से पाकिस्तान में आतंकी हमलों में 70 फीसदी की कमी आई है।
dharmpath.com dharmpath