इस्लामाबाद, 16 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ 27 साल की एक मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
डॉन ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, बेनजीर भुट्टो अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा महिला के गर्भवती होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
महिला के छोटे भाई ने बताया कि उसकी बहन ने एक हफ्ते पहले पेट में दर्द होने की बात कही थी। उसे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसे छह माह का गर्भ है।
महिला ने छह महीने पहले ही इशारों से अपने साथ हुए अपराध के बारे में बताने की कोशिश की थी।
महिला को उसके इंस्टीट्यूट में उसकी एक सहकर्मी ने जूस दिया था। जूस पीने के बाद वह बेहोश हो गई थी। उसे बाद में एक आदमी उसकी दोस्त के घर लेकर गया। महिला ने कहा कि उसकी सहकर्मी के घर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला ने कहा कि घर में पहले से एक आदमी मौजूद था। उसने उसे इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
लेकिन, यह नहीं पता चल सका है कि महिला के साथ कितने लोगों ने दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि दुष्कर्मी अगर उसके सामने पेश किए जाएं तो वह उन्हें पहचान लेगी।
महिला के भाई ने कहा कि संस्थान का प्रशासन उसकी बहन को सुरक्षा देने में नाकाम रहा और अब उसे और उसके परिवार को परेशान कर रहा है।
उसने कहा, “मैं और मेरे माता-पिता अचंभित रह गए, जब पता चला कि मेरी बहन गर्भवती है।”
उसने कहा कि उसकी बहन को गुर्दे की तकलीफ थी। इस सिलसिले में कई चिकित्सकों को दिखाया गया, लेकिन किसी ने भी गर्भवती होने की बात नहीं कही थी।
शिकायतकर्ता ने कहा कि पुलिस ने जब मामला दर्ज करने से मना कर दिया, तब उसने स्थानीय परिषद अध्यक्ष की मदद ली।
महिला के भाई ने बताया कि परिषद अध्यक्ष के दखल देने के बाद पुलिस ने वाहन के चालक (मुख्य आरोपी), इंस्टीट्यूट के मालिक और उस महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिसके घर में दुष्कर्म हुआ था। लेकिन, कोई भी आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है।
पोटोहार संभाग के पुलिस अधीक्षक अतीक ताहिर ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath