लाहौर, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर को पाकिस्तानी अभिनेत्री जेबा ने रफी पीर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2015 में सम्मानित किया।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक को ‘चांदनी बार’, ‘पेज 3’, ‘ट्रैफिक सिग्नल’ और ‘फैशन’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। उन्होंने शुक्रवार को ट्विटर पर पुरस्कार के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की।
तस्वीर में भंडारकर जेबा से पुरस्कार लेते हुए नजर आ रहे हैं।
‘हीरोइन’ निर्देशक ने तस्वीर का शीर्षक लिखा, “पाकिस्तानी अभिनेत्री जेबा जी से पुरस्कार लेते हुए सम्मानजनक महसूस हो रहा है।”
मधुर भंडारकर ने अपनी ट्रॉफी की भी एक तस्वीर साझा की।
भंडारकर ने कहा कि उन्होंने यह पुरस्कार समाज से जुड़े कई मुद्दों को उठाने और महिलाओं को सशक्त रूप से पर्दे पर पेश करने के लिए हासिल किया है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार से होने वाले तीन-दिवसीय इस कार्यक्रम में विदेशी फिल्मों के अलावा भंडारकर की फिल्म ‘चांदनी बार’ को भी दर्शकों ने सराहा।
इस कार्यक्रम में भंडारकर के अलावा अनुभवी अभिनेता ओम पुरी भी अपनी फिल्म ‘माई सन द फेनेटिक’ की स्क्रीनिंग में भाग लेने के लिए उपस्थित थे।
इस महोत्सव का समापन शनिवार को होगा।
dharmpath.com dharmpath