सोनिया, राहुल की अदालत में पेशी से पहले सुरक्षा कड़ी (लीड-1)

नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की शनिवार को पटियाला हाउस अदालत में होने वाली पेशी से पहले अदालत के अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

पटियाला हाउस अदालत परिसर के अंदर और बाहर विशेष सुरक्षा गार्ड (एसपीजी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बम निरोधक दस्ते की टीम तैनात की गई है।

कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पार्टी मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए।

बताया जाता है कि सोनिया और राहुल ने अन्य राज्यों से पार्टी के नेताओं और समर्थकों से शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी नहीं आने के लिए कहा है।

कांग्रेस के नेताओं ने इस मामले में सोनिया और राहुल के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई का आरोप लगाया।

पार्टी के प्रवक्ता आर.एस. सुरजेवाला ने कहा, “यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। हम कानून के अनुसार इसका मुकाबला करेंगे। न्यायिक प्रक्रिया में हमारा पूरा भरोसा है और हम उसका सम्मान करते हैं।”

एक अन्य कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “हमें न्यायपालिका में पूरा यकीन है। जमानत सहित सभी कानूनी विकल्प उपलब्ध हैं। हम अदालत में गंभीर व सम्मानजनक तरीके से अपनी बात रखेंगे। इस मामले को तूल देने का कोई कारण नहीं है।”

अदालत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सोनिया और राहुल को शनिवार को अदालत में पेश होने का आदेश दिया था।

स्वामी ने कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं पर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) के यंग इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल) द्वारा अधिग्रहण में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। वाईआईएल में सोनिया और राहुल की 38-38 प्रतिशत की हिस्सेदारी है।

इस मामले में दोनों कांग्रेस नेताओं को पिछले साल 26 जून को निचली अदालत ने समन भेजा था, जिसे रद्द करने के लिए उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। हालांकि दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद निचली अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 19 दिसम्बर की तिथि निर्धारित की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493