इस्लामाबाद, 26 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान आतंकवाद से उपजी चिंताओं से निपटने के लिए एक तंत्र विकसित करने पर विचार कर रहे हैं।
डॉन न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने इस शनिवार इसका खुलासा किया।
उन्होंने कहा, “दोनों पक्षों का कहना है कि आतंकवाद एक साझा दुश्मन है और दोनों पक्ष सहमत हैं कि इस मुद्दे से निपटने के लिए परस्पर सहयोग की जरूरत है। हम संयुक्त प्रक्रिया पर विचार कर रहे हैं।”
उन्होंने अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हनीफ अतमार के साथ टेलीफोन चर्चा से पहले कहा, “पाकिस्तान ने अफगानिस्तान तक अपने प्रस्ताव भेज दिए हैं।”
पिछले सप्ताह अफगानिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय ने पाकिस्तान से आतंकवाद से निपटने पर पिछले साल हुए एक समझौते को लागू करने को कहा था।
अजीज ने उम्मीद जताई कि आतंकवाद के खिलाफ प्रस्तावित समझौता इस्लामाबाद में पहली मार्च को होने वाले आर्थिक सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के मौके पर हो जाएगा।
dharmpath.com dharmpath