नई दिल्ली, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोमवार को उम्मीद जताई कि भारत-पाकिस्तान के बीच शुरू हो रही नई वार्ता क्षेत्र में शांति व विकास का एक नया अध्याय शुरू करेगी।
सुषमा ने राज्यसभा में कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के बीच अपने पाकिस्तान दौरे के संबंध में बयान देते हुए कहा कि भारत ने मुंबई में हुए 26/11 आतंकवादी हमलों को लेकर न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया है।
विदेश मंत्री ने हिंदी में बयान देते हुए कहा, “हमने मुंबई आतंकवादी हमले के मामले में न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने पर बल दिया है। पाकिस्तान ने इस मामले में जल्द एक निष्कर्ष पर पहुंचने के संबंध में हमें कदम उठाने का आश्वासन दिया है।”
उन्होंने कहा कि फैसला लिया गया है कि एक व्यापक द्विपक्षीय वार्ता शुरू की जाएगी, जिसकी रूपरेखा विदेश सचिवों द्वारा तैयार की जाएगी।
सुषमा ने कांग्रेस सदस्यों के हंगामे में कहीं खो से गए अपने बयान में कहा, “यह सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वाधिक महत्व देती है और इसके लिए हम कूटनीतिक सहित सभी कदम उठाएंगे। हमारी सरकार पाकिस्तान सहित हमारे सभी पड़ोसी देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंध रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने कहा कि वार्ता के दो उद्देश्य हैं। पहला चिंता के मुद्दों को वार्ता के जरिए हल करना और दूसरा सहकारी रिश्ता स्थापित करना।
सुषमा ने कहा, “हम आशा करते हैं कि नई वार्ता क्षेत्र में शांति व विकास का एक नया अध्याय शुरू करेगी।”
dharmpath.com dharmpath