नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने पाग सम्मान स्वीकार करते हुए कहा कि मिथिलालोक फाउंडेशन द्वारा चलाया गया ‘पाग बचाउ अभियान’ एक अनोखा व अद्वितीय कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से मिथिला की संस्कृति को पुनर्जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है।
फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. बीरबल झा के प्रयासों की प्रसंशा करते हुए उन्होंने कहा कि पाग बचाउ अभियान के द्वारा जनचेतना लाने का उनका यह कार्य अनुकरणीय एवं सराहनीय है। पाग मिथिला की प्रतिष्ठा है और इसका अक्षुण्ण रहना उतना ही आवश्यक है, जितना कि जीवन के लिए प्राण।
भाजपा नेता ने फाउंडेशन द्वारा नवनिर्मित पाग की तारीफ की और कहा की यह पाग पुरानी संरचनात्मक त्रुटियों से पूरी तरह निवृत्त है।
उन्होंने कहा कि डॉ. बीरबल झा केवल बिहार के ही असाधारण व्यक्तित्व नहीं हैं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में अपने विशिष्ट सेवाओं के द्वारा देश के विकास में उनका योगदान सराहनीय है।
प्रभात झा ने कहा कि समाज आज जहां पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव से दूषित हो रहा है, यह सांस्कृतिक आंदोलन इसे एक नई दशा और दिशा देने में सक्षम होगी।
गौरतलब है कि इस वर्ष 28 फरवरी को दिल्ली में ‘पाग बचाउ अभियान’ की औपचारिक शुरुआत की गई थी, जिसमें करीब 500 लोगों को पाग से सम्मानित किया गया एवं मिथिला संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए दिल्ली में पाग मार्च भी निकाला गया था। मिथिला के दरभंगा संसदीय क्षेत्र से सांसद कीर्ति आजाद ने हाल ही मेंपाग को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग की है और कहा है कि संसद के आगामी सत्र में वह रोज पाग पहनकर संसद जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath